ऊर्जा एवं जनसंपर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि शिक्षित और संस्कारवान बेटियों से आने वाले समय में आदर्श समाज का निर्माण होगा। इसके लिये उन्होंने माता-पिता से बच्चियों को आवश्यक रूप से स्कूल भेजकर शिक्षित किये जाने का आग्रह किया। ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ल आज रीवा के पी.के. कन्या स्कूल में 22 लाख की लागत से निर्मित कल्चरल हॉल का लोकार्पण कर रहे थे।
श्री शुक्ल ने कहा कि पी.के. स्कूल का गौरवशाली इतिहास रहा है। यह स्कूल रीवा की शान है। आने वाले समय में इस स्कूल में खेल मैदान, सुसज्जित प्रयोगशाला एवं आकर्षक लायब्रेरी होगी। इन सुविधाओं का फायदा यहाँ पढ़ने वाली बालिकाओं को मिलेगा। उन्होंने शिक्षकों एवं छात्राओं से विद्यालय को आदर्श विद्यालय के रूप में पूरे प्रदेश में पहचान दिलवाये जाने के लिये संकल्प लेने को कहा।
महापौर श्रीमती ममता गुप्ता ने भी संबोधित किया। आयुक्त नगर निगम ने बताया कि पी.के. स्कूल में डेढ़ करोड़ रुपये के खर्च से अटल वाटिका एवं अन्य निर्माण करवाये गये हैं। प्राचार्य श्री ओंकारनाथ पाण्डे ने परीक्षा परिणाम एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी।
ईको पार्क का अवलोकन
ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ल ने रीवा में निर्माणाधीन ईको पार्क का भी अवलोकन किया। उन्होंने पार्क में पहुँचने के लिये बनाये जा रहे ब्रिज के संबंध में निर्माण एजेंसी से चर्चा की। उन्होंने ईको पार्क में लगाये जा रहे पेड़-पौधों के बारे में भी जानकारी ली।
रीवा को मिले दो नये थाने
ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ल ने दो नये पुलिस थाने का शुभारंभ किया। श्री शुक्ल ने कहा कि शहर की आबादी बढ़ने से नये थानों की जरूरत महसूस हो रही थी। इन थानों से बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा अपराधों पर नियंत्रण होगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों से नागरिकों के साथ कोमल व्यवहार एवं अपराधियों के साथ कठोर व्यवहार किये जाने के लिये कहा। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि अपराधों पर नियंत्रण रखने के लिये जल्द ही 100 नम्बर की सुविधा और रीवा के लिये 10 वाहन मिलेंगें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बिछिया थाने में 18 गाँव एवं शहर के 8 मोहल्ले को शामिल किया गया है। यहाँ एक टी.आई. एवं 30 पुलिस बल का स्टॉफ रहेगा। श्री शुक्ल ने के संजय गांधी अस्पताल तिराहे पर वात्सल्य स्नेही ममता मूर्ति का अनावरण भी किया।