मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रंगों का त्यौहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास में रंगों से सराबोर होकर सबके साथ होली खेली और फाग गायी।
श्री चौहान को होली की बधाई देने मुख्यमंत्री निवास में जन-प्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहित नागरिक पहुँचे। मुख्यमंत्री ने होली की शुभकामना देते हुए कहा कि होली रंगों, मस्ती और उल्लास का त्यौहार है। रंगों का यह त्यौहार प्रदेश और देश में समृद्धि और उन्नति का रंग भरे। देश-प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचे। लोगों में स्नेह, सद्भाव और भाईचारा बना रहे तथा होली का पर्व सबके जीवन में खुशियों का रंग भरे। होली का उत्साह मनाने मुख्यमंत्री निवास में लोग ढोल, मजीरे आदि वाद्य यंत्रों के साथ पहुँचे थे। मुख्यमंत्री ने सबको गुलाल लगाया और बधाई दी।