सोनीपत : मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार सुबह अचानक कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए उनके घर पहुंच गए। अचानक मुख्यमंत्री के पहुंचने की सूचना पाकर कार्यकर्ताओं में जोश व उत्साह देखने को मिला और सभी ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भी कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका हाल-चाल पूछा और समस्याएं भी जानी।
मंगलवार सुबह भाजपा रोहट मंडल के अध्यक्ष जोगेंद्र शर्मा को फोन पर जानकारी मिली कि कुछ देर बाद ही मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल उनके बैय्यापुर गांव स्थित घर नाश्ते के लिए पहुंच रहे हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं को इस बात की सूचना दी। परिवार के सदस्यों ने सभी जरूरी तैयारियां शुरू की। इसके कुछ देर बाद ही मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल काफिले के साथ उनके घर पहुंचे। उनके साथ सांसद रमेश कौशिक, शहरी स्थानीय निकाय महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर नांदल सहित पार्टी के अन्य नेता व अधिकारी भी मौजूद थे। यहां पहुंचने के बाद उनका सभी ग्रामीणों व परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक रूप से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री घर के प्रांगण में पहुंचे। यहां मंडल अध्यक्ष जोगेंद्र शर्मा की 80 वर्षीय माताजी रामरति ने मुख्यमंत्री का ठेठ हरियाणवी अंदाज में हाथ जोडक़र अभिवादन किया। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भी उसी अंदाज में सिर झुकाकर व हाथ जोडक़र उनका धन्यवाद किया और चित्र भी खिंचवाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से बातचीत कर गांव की समस्याओं के बारे में जाना। ग्रामीणों ने बताया कि उनका गांव नगर निगम में शामिल था लेकिन पिछले दिनों इसे हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आप नगर निगम में रहना चाहते हैं तो सभी लिखकर और हस्ताक्षर कर दें इस पर दौबारा विचार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने गांव के मौजिज लोगों को बुलाकर गांव में भाईचारे के साथ रहने व गांव के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से उन्हें पूरा सहयोग मिला है और मिलता रहेगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खरखौदा के लिए निकले। यहां उन्होंने बाजार में पहुंचकर अचानक गाड़ी रूकवाई और वहां मौजूद बिजेंद्र सिंह दहिया व अन्य से बातचीत की। दुकानदारों ने बताया कि शहर में पानी निकासी की काफी समस्या है। इस पर मुख्यमंत्री ने दुकानदारों को बताया कि इसके लिए सभी स्थाई प्रबंध किए जा रहे हैं। कस्बे की प्रमुख समस्या बस अड्डे के पीछे स्थित तालाब को विकसित किया जा रहा है।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल जिला महामंत्री गुलशन ठेकेदार के निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने खरखौदा के सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और हालचाल जाना तथा उनके साथ बैठकर चाय पी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों को अधिक से अधिक लोगों के बीच में पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है और आम लोगों तक फायदा पहुंचे यह हमें सुनिश्चित करना है। यहां वह करीब आधा घंटा रूके और परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। इसके बाद वह सडक़ मार्ग से रोहतक के लिए रवाना हो गए।
इस अवसर पर उनके साथ जिला महामंत्री मनोज जैन, डा.ओमप्रकाश आत्रेय, रविंद्र दिलावर, विजयपाल, राजेंद्र शर्मा, श्यामलाल बंदेपुर, सतीश सेहरी, नीरज आत्रेय, मंडल अध्यक्ष नवीन मंगला, दिलावर सिंह, हुकम सिंह जोगी, आजाद सिंह नेहरा, प्रीतम खोखर, कुलदीप काकराण, रामकिशन सरोहा, राजेद्र सैनी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।