- चंडीगढ़, 18 दिसंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि महाभारत युद्ध में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए गीता के कर्म के सिद्धांत को राजनेताओं को भी अपनी कर्म की पद्धति में अपनाना चाहिए और समाज निर्माण में हर किसी व्यक्ति को गीता के सार का अनुसरण करना चाहिए, चाहे वह विद्यार्थी हो, अध्यापक हो, किसान हो, व्यापारी हो या सैनिक हो, तभी हम तनावमुक्त जीवन जी सकते हैं।
- मुख्यमंत्री आज कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2018 के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य पंडाल में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। समापन अवसर पर बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर कैलाश खेर ने मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को भव्य रूप दिया जाएगा और केन्द्र सरकार से कृष्णा सर्किट के रूप में प्राप्त हुए लगभग 100 करोड़ रुपए के अनुदान को ब्रह्मसरोवर व ज्योतिसर के जीर्णोद्धार पर खर्च किया जाएगा। इस वर्ष न केवल हरियाणा बल्कि देश व दुनिया से लाखों की संख्या में धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र पंहुचकर गीता के सार का संदेश लिया है। उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव के दौरान गीता मनीषियों, आचार्यों, धर्मगुरूओं ने आधुनिक युग में मनुष्य के एकांकी जीवन से उभारना व उसे मन मष्तिक से तनावमुक्त करने व शांति, सुख व आनन्द के रास्ते पर जीने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि गीता के हर श्लोक में दार्शनिक ज्ञान का भाव हमें मिलता है और सामूहिक प्रयासों से हम मानव को तनावमुक्त जीने का रास्ता दिखा सकते हैं। उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र से हर व्यक्ति संस्कार लेकर जाएगा और जो मनुष्य निर्माण में कारगर सिद्ध होगा।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य को कर्म के सिद्धांत पर चलते हुए अपना कार्य करना चाहिए, फल की चिंता नही करनी चाहिए, यही गीता का सार है। कर्मण्यवाधिकारस्ते माँ फले सु कदाचन ने हमें यही संदेश देता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अच्छा जीवन जीने का संकल्प यहां से लेना चाहिए।
- गीता मनीषी ज्ञानानन्द जी महाराज ने भी समारोह को सम्बोधित किया और गीता ज्ञान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
- इस अवसर पर गीता जयंती महोत्सव के प्रभारी हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, विधायक पवन सैनी, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, सदस्य रविन्द्र सांगवान, भाजपा के जिला अध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, उपायुक्त एस.एस. फुलिया, पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति के.सी. शर्मा, केडीबी के सीईओ संयम गर्ग के अलावा बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।