चंडीगढ़, 2 अप्रैल: पंजाब के उप-मुख्यमंत्री एवं अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने देश को बचाने के लिए कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ बाहर फैंकने का आह्वान किया है। बुधवार को सिरसा जिले के ओढ़ा व फतेहाबाद जिले के रतिया में इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह के समर्थन में, करनाल जिले के असन्ध में इनेलो उम्मीदवार एवं पूर्व कृषि मंत्री जसविंदर सिंह संधू के समर्थन में, कुरुक्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी बलबीर सैनी के पक्ष में पेहवा में और अम्बाला से इनेलो उम्मीदवार कुसुम बाला शेरवाल के समर्थन में चुनावी सभाओं को सम्बोधित करते हुए पंजाब के उपमुख्यमंत्री ने लोगों से इनेलो प्रत्याशियों को रिकॉर्ड तोड़ मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 1984 में हुए निर्दोष लोगों के कत्लेआम को भुलाया नहीं जा सकता और अब लुटेरी व हत्यारी कांग्रेस सरकार से बदला लेने का सही वक्त आ गया है और अपना एक-एक वोट इनेलो प्रत्याशी को देकर प्रदेश की सभी सीटों पर इनेलो की जीत सुनिश्चित करें।
इन चुनावी सभाओं में उमड़े जनसैलाब को सम्बोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस ने देश को अपनी जायदाद समझ रखा है और सीबीआई का जमकर दुरुपयोग विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेसियों को सबक सिखाने के लिए लोकसभा चुनाव सही समय है और लोकतंत्र को कुचलने वाली कांग्रेस को अब उसकी असली जगह दिखानी होगी। तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में इनेलो व अकाली दल का वर्षों पुराना गठबंधन है और हम पूरी ईमानदारी व निष्ठा से इस गठबंधन धर्म को न सिर्फ निभाएंगे बल्कि हरियाणा के प्रत्येक मतदाता से आह्वान करेंगे कि वे इनेलो उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि स्व. चौधरी देवीलाल व प्रकाश सिंह बादल देश के किसानों, मजदूरों व कमेरे वर्ग के लिए हमेशा मिलकर संघर्ष करते रहे और लोगों को हमेशा राहत दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जनता की भावनाएं नहीं समझ सकती उन्हें किसी खेत की फसल का नहीं पता कि वहां चना बोया गया है या कोई अन्य फसल है और जो बाजरे व चने की रोटी का स्वाद नहीं समझ सकती उनसे देश के लोगों के भले के लिए क्या उम्मीद की जा सकती है?
तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने पेहवा में कुरुक्षेत्र से कांगे्रस प्रत्याशी नवीन जिंदल पर लोगों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का अरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पेहवा व कुरुक्षेत्र एक धार्मिक नगरी है जिस कारण यहां के लोगों में धार्मिक आस्था होना लाजिमी है। उन्होंने कहा कि जिंदल कहते हैं कि उन्होंने मंदिरों को जमीनें दिलाई और दान दिया है जबकि मंदिर तो इस क्षेत्र में सदियों पुराने हैं और लोग श्रद्धा व आस्था से खुद बनवाते आए हैं। उन्होंने कहा कि अगर जिंदल चाहता तो रेल कोच फैक्टरी इस क्षेत्र में लगवाता ताकि युवाओं को रोजगार मिलता। उन्होंने कहा कि जिंदल वोट तो इस क्षेत्र से लेता है और कारखाने झारखण्ड में लगवाता है, यूनिवर्सिटी सोनीपत में जाकर खोलता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर नोकरियों के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि करनाल के एक नाई जाति के गरीब परिवार से हुड्डा सरकार के मंत्री व विधायक ने नौकरी के नाम पर लाखों रुपए लिए और नौकरी न लगने पर पैसे वापिस मांगने पर उस पूर्व सरपंच व उसके रिश्तेदार की हत्या करवा दी गई।
करनाल से इनेलो प्रत्याशी जसविंदर सिंह संधू ने कुरुक्षेत्र के सिख समाज से कहा कि आज करनाल संसदीय क्षेत्र का सैनी समाज पूरी तरह उनकी पीठ के पीछे खड़ा होकर उन्हें भरपूर सहयोग और समर्थन दे रहा है इसलिए पूरे प्रदेश के सिख समाज और विशेषकर कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सिख समाज का फर्ज बनता है कि वे कुरुक्षेत्र के इनेलो प्रत्याशी बलबीर सैनी के पक्ष में एक-एक वोट डालकर उनकी जीत सुनिश्चित करें और सैनी को मिलने वाला एक-एक वोट उनके पक्ष में डाला गया वोट होगा। इन चुनावी सभाओं को इनेलो प्रत्याशी बलबीर सैनी, कुरुक्षेत्र के प्रभारी पूर्व मंत्री केएल शर्मा, कुलदीप मुल्तानी, कर्ण सिंह इश्हाक, हरियाणा अकाली दल के अध्यक्ष शरनजीत सिंह सोता, हरभजन मसाणा सहित अनेक प्रमुख नेताओं ने सम्बोधित किया। रतिया की जनसभा को पूर्व विधायक निशान सिंह, कर्ण चौटाला, इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह, पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी व रणसिंह बैनीवाल सहित अनेक नेताओं ने सम्बोधित किया। ओढ़ा की जनसभा को इनेलो के प्रमुख नेताओं के अलावा पदम जैन, विधायक कृष्ण कम्बोज, पूर्व विधायक डॉ. सीता राम, हरदयाल सिंह गदराना, जसवीर सिंह जस्सा, मंदिर सिंह सिहाग, धर्मवीर नैन, सर्वजीत मसीतां, संदीप गंगा, विनोद दड़बी, वीरभान मेहता, भगवान कोटली व जगसीर सिंह मांगियाना ने भी सम्बोधित किया। असंध की जनसभा को विधायक कृष्ण पंवार, नरेंद्र सांगवान, मामू राम गोंदर, बृज शर्मा, यशवीर राणा, रामकुमार ऐबला, रेखा राणा, रघुजीत विर्क, कंवरजीत प्रिंस, गुलजार मान, मक्खन सिंह, हरी सिंह, भूपेंद्र सिंह, नफे सिंह मान, बलजीत टुर्ण, रमेश सिद्धपुर व इंद्रजीत गुराया सहित अनेक प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया।
पेहवा में जिला परिषद़ कैथल के पूर्व चैयरमैन बलविन्द्र सिहं शाह, बलजिन्द्र सिहं मुलतानी, हरि सिहं सरपंच रामदासपूरा, दर्शन सिहं नंबरदार कवारतन, दीदार सिहं प्रेमपुरा, जोगिन्द्र सिहं शाह, अमरजीत बाजीगर सरपंच कलरमाजरा, पूर्व सरपंच सुरेश कुमार कवारतन, मैम्बर पंचायत सुरजीत शर्मा, डा. शमशेर सिहं कवारतन, मसतान सिहं सरपंच, जगदीश राठी, गोस्वामी समाज के कुरूक्षेत्र जिला के प्रधान रामफल गोस्वामी व गुलाब सिहं, उदय सिहं, राजेन्द्र, विजयपाल, पवन, सतपाल, सोम, जसमेर, $कृष्ण, सुबे सिहं, टेक चन्द, रैहतू, पाला सहित सैकडों लोगों ने कांग्रेस को छोडृकर इनैलो में शामिल हुये। असंध में अखिल भारतीय राहुल गांधी ब्रिगेड के प्रदेश सचिव सोहन शर्मा, नीलोखेड़ी के पार्षद प्रवीन सैन, बैरागी सभा के प्रधान रणबीर सिंह ने इनेलो का दामन थामा। रतिया में नंबरदार एसोसिएशन के जिला महासचिव व भट्टूकलां कांग्रेस ब्लाक प्रधान अनिल सांई, फतेहाबाद के पार्षद एवं सीपीएस प्रहलाद गिल्लाखेड़ा के नजदीकी रमेश गिल्होत्रा, पार्षद दर्शन नागपाल सहित दर्जन भर नेताओं ने कांग्रेस, हजकां छोड़ इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। इनेलो नेताओं ने पार्टी में शामिल होने वालों का स्वागत करते हुए उन्हें पूरा मान-सम्मान दिए जाने का भरोसा दिलाया। अम्बाला की जनसभा में सुखबीर बादल व अशोक अरोड़ा के अलावा पार्टी प्रत्याशी कुसुम बाला शेरवाल सहित पार्टी के अनेक प्रमुख नेताओं व संसदीय क्षेत्र के विधायकों ने भी सम्बोधित किया।