केंद्र सरकार ने फरीदाबाद को यूपी से जोड़ने के लिए यमुना नदी पर ओवरब्रिज बनाने का निर्णय किया है। इस परियोजना का शिलान्यास केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं पोत परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी 15 अगस्त, 2014, शुक्रवार, को सुबह 10 बजे मंझावली (फरीदाबाद) में करेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र की जनता की दशकों पुरानी मांग पूरी हो सकेगी। इस परियोजना पर लगभग 200 करोड़ रु. की लागत आएगी। परियोजना निर्माण का खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी, जबकि भूमि अधिग्रहण का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं पोत परिवहन राज्य मंत्री और फरीदाबाद के सांसद श्री कृष्णपाल गुर्जर की इस परियोजना को शुरू करवाने में अहम भूमिका रही है। शिलान्यास समारोह स्थल पर एक रैली का भी आयोजन किया जा रहा है। श्री गुर्जर ने लोगों से समारोह स्थल पर आकर इसको सफल बनाने की अपील की है।
परियोजना का विवरण
- परियोजना की कुल लंबाई : 23 किमी
- परियोजना का हरियाणा से गुजरता हिस्सा : 20 किमी
- परियोजना का यूपी से गुजरता हिस्सा : 2.4 किमी
- यमुना पर बनने वाले पुल की लंबाई : 600 मीटर
परियोजना से होने वाले लाभ
- ये परियोजना हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए एक प्रमुख अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी के रूप में काम करेगी।
- इस कड़ी में दिल्ली के इलाके में प्रवेश किए बिना राजस्थान, फरीदाबाद, मेवात और गुड़गांव जिले का यातायात आगरा, अलीगढ़,कानपुर और लखनऊ आ व जा सकेगा जिससे यह लिंक अति महत्वपूर्ण हो जाएगा।
· इस सड़क के सुधार से उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली एवं राजस्थान की जनता को विशेष फायदा होगा। समग्र सामाजिक आर्थिक क्षेत्र के विकास के साथ–साथ इन राज्यों के बीच व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देगा।