गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के शिक्षक एवं गैरशिक्षक कर्मचारी हरियाणा में हुए आंदोलन के दौरान हिंसा का शिकार हुए पीड़ितों के पुनर्वास के लिए अपना एक दिन का वेतन देंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि समाज के निर्माण के लिए यह हमारा पहला कर्तव्य बनता है। शैक्षणिक संस्थानों को समाज में शांति व सदभावना लाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश की पहचान शांति व आपसी भाईचारा है। यह हमेशा कायम रहना चाहिए। प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि कई पीड़ितों ने न केवल अपनी पूरी उम्र की मेहनत की कमाई बल्कि आजीविका भी खोई है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर से अपील की है कि पीड़ितों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध करवाएं। पीड़ित अब सरकार व समाज से सहायता की उम्मीद कर रहे हैं। सहायता राशि मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दे दी जाएगी।