रानियां, 10 अगस्त। इनेलो विधायक कृष्ण कम्बोज ने आज अपने निवास स्थान पर आयोजित प्रैस वार्ता में पार्टी छोडऩे का ऐलान किया। कृष्ण कम्बोज ने पार्टी छोडऩे का ऐलान करते हुए कहा कि उनके साथ विश्वासघात हुआ है और इनेलो नेतृत्व द्वारा कम्बोज समुदाय को बांटने का काम किया गया है। कम्बोज ने कहा कि मेरे जैसे विधायक जिन्होंने पांच साल जनता के बीच रहकर खूब मेहनत की, उनके मेहनत की कद्र नहीं हुई और पार्टी के रवैये को देखते हुए वो पार्टी को अलविदा कह रहे हैं। कृष्ण कम्बोज ने आगे बताया कि वों विधायक पद से इस्तीफा नहीं देंगे। लेकिन पार्टी को अलविदा कह रहे हैं। कम्बोज ने अभी अपने सियासी पत्ते नहीं खोले, लेकिन ये जरुर कहा कि अगले कुछ दिनों में कार्यकर्ताओं से राय-मशवरा कर कोई ऐसा सियासी फैसला लेंगे जिसे देखकर लोग भौचंके रह जाएंगे। कम्बोज का दावा है कि टिकट बंटवारे के साथ ही इनेलो में भूचाल आया हुआ है। किसी भी सियासी दल ज्वाईन करने के उनके सारे विकल्प खुले हैं। चाहे वो दल राष्ट्रीय हो या क्षेत्रीय। कम्बोज के मुताबिक उन्हें किसी पार्टी से परहेज नहीं है, साथ ही वो सियासत का मैदान भी नहीं छोड़ रहे। वो राजनीति में डटे रहेंगे और खुद के साथ जुड़े कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए नया सियासी विकल्प तलाशेंगे। उन्होंने कहा मैं इनेलो के मौजूदा उम्मीवार की आगामी विधानसभा चुनाव में खुलकर खिलाफत करुंगा। हरियाणा लोकहित पार्टी में शामिल होने के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी सारे विकल्प खुले हैं। कुछ भी संभव हो सकता है। परंतु फैसला वो लोगों की राय से ही करेंगे। कृष्ण कम्बोज से गोबिंद कांडा से मुलाकात के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने केवल मात्र इतना कहा कि मेरे साथ बहुत गांव-गांव हैं और सभी एक साथ निर्णय लेंगे। परंतु संकेत ये हैं कि कृष्ण कम्बोज हलोपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोबिंद कांडा जोकि रानियां विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं, के साथ जा सकते हैं। यदि कृष्ण कम्बोज हलोपा की पतंग की डोर थामते हैं तो निश्चित रूप से इनेलो के गृह जिले में भारी राजनीतिक उथल-पुथल मचेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में इसके दुर्गामी परिणाम देखने को मिलेंगे। हालांकि कृष्ण कम्बोज ने हरियाणा लोकहित पार्टी में शामिल होने की सीधे घोषणा नहीं की, परंतु रानियां क्षेत्र के एक कद्दावर हलोपा नेता को उनके निवास स्थान पर देखा गया।