चंडीगढ़, 20 सितम्बर: इनेलो ने पार्टी उम्मीदवारों की शनिवार को आठ नए उम्मीदवारों सहित कुल नौ उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची के साथ अब तक इनेलो के 90 में से 81 उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं। पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी सूची की घोषणा इनेलो के वरिष्ठ नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने चंडीगढ़ में जारी करते हुए बताया कि इस सूची में युवा, महिला, पिछड़ा वर्ग के अलावा ब्राह्मण समाज, पंजाबी समाज, यादव, राजपूत, जाट व रोड़ सहित समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इनेलो नेता ने बताया कि पुण्डरी से पूर्व विधायक तेजबीर सिंह को, गोहाना से पूर्व कुलपति डॉ. केसी बांगड़ को, हिसार से हिसार नगर निगम के डिप्टी मेयर व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश महाजन के भतीजे भीम महाजन, हांसी से इनेलो के जिलाध्यक्ष उमेद लोहान, रोहतक से प्रमुख ब्राह्मण नेता राजकुमार शर्मा, बरोदा से इनेलो के हलका अध्यक्ष डॉ. कपूर सिंह नरवाल व सोहना से युवा इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य व युवा इनेलो जिला गुडग़ांव के पूर्व जिलाध्यक्ष किशोर यादव को पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है। इनेलो नेताओं ने बताया कि पार्टी के निवर्तमान विधायक व महेंद्रगढ़ से पार्टी प्रत्याशी बनाए गए राव बहादुर सिंह की इच्छा के अनुरूप पार्टी ने उनके स्थान पर इनेलो की महेंद्रगढ़ जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मला तंवर को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आरएस चौधरी, इनेलो नेता बीडी ढालिया, पार्टी के मीडिया प्रभारी राम सिंह बराड़, प्रदेश महासचिव अशोक शेरवाल व कार्यालय सचिव एनएस मल्हान भी मौजूद थे।
पुण्डरी से प्रत्याशी बनाए गए तेजबीर ङ्क्षसह खुद भी पुण्डरी से विधायक रह चुके हैं और उनके पिता ईश्वर सिंह हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष रहने के अलावा पुण्डरी क्षेत्र से कई बार विधायक चुने गए थे। तेजवीर सिंह पुण्डरी व उसके आसपास स्थित अनेक शिक्षण संस्थानों के भी चेयरमैन हैं और रोड़ बिरादरी के सबसे बड़े नेता माने जाते हैं। गोहाना से पार्टी प्रत्याशी घोषित किए गए डॉ. केसी बांगड़ पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं और वे गुरु जम्बेश्वर विवि के पूर्व कुलपति और हरियाणा लोकसेवा आयोग के चेयरमैन भी रह चुके हैं। हिसार से पार्टी प्रत्याशी घोषित किए गए युवा उम्मीदवार भीम महाजन इस बार पूरे प्रदेश में शायद सबसे ज्यादा युवा उम्मीदवार होंगे। 25 साल दो महीने उम्र के भीम महाजन बीकॉम पास हैं और वे हरियाणा के प्रमुख पंजाबी नेता रहे स्व. ओमप्रकाश महाजन व स्व. सुमित्रा महाजन के भतीजे हैं। स्व. ओमप्रकाश महाजन कई बार हिसार से विधायक व मंत्री रहे और स्व. सुमित्रा महाजन इनेलो की ओर से राज्यसभा की सांसद रही। भीम महाजन इस समय युवा इनेलो नेता होने के साथ-साथ हिसार नगर निगम के डिप्टी मेयर के पद पर हैं।
हांसी से उम्मीदवार घोषित किए गए इनेलो के जिला हिसार अध्यक्ष उमेद लोहान युवा इनेलो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं युवा इनेलो के पूर्व प्रदेश प्रभारी भी रहे हैं। वे बीएससी एलएलबी के अलावा एमएससी मॉस कम्युनिकेशन भी पास हैं और इनेलो के बेहद संघर्षशील व जुझारू नेताओं में उनकी गिनती होती है। पेशे से डॉक्टर एवं इनेलो के पिछले 12 सालों से हलका अध्यक्ष चले आ रहे डॉ. कपूर सिंह नरवाल पिछली बार भी इनेलो की ओर से चुनाव लड़े थे लेकिन दूसरे स्थान पर रहे। वे नगर परिषद गोहाना के उपचेयरमैन और खानपुर गुरुकुल कन्या महाविद्यालय के महासचिव सहित अनेक प्रमुख पदों पर रहे और पार्टी के बेहद पुराने कार्यकर्ता हैं और पार्टी में अनेक पदों पर रहे। रोहतक से इनेलो के उम्मीदवार घोषित किए गए राजकुमार शर्मा पहले रोहतक लोकसभा सीट से बसपा टिकट पर चुनाव लडक़र अच्छे खासे वोट हासिल कर चुके हैं और पिछले काफी समय से इनेलो में अहम पदों पर रहे। सोहना से पार्टी प्रत्याशी घोषित किए गए 38 वर्षीय किशोर यादव इनेलो के पूर्व युवा जिला अध्यक्ष रहे हैं और पार्टी युवा इनेलो राज्य कार्यकारिणी के सदस्य हैं। राव बहादुर सिंह के स्थान पर महेंद्रगढ़ से इनेलो प्रत्याशी घोषित की गई श्रीमती निर्मला तंवर पार्टी की महेंद्रगढ़ महिला इकाई की अध्यक्ष हैं और पिछले काफी समय से इनेलो में कई पदों पर रही। महम से इनेलो प्रत्याशी घोषित किए गए महंत सतीश दास इस क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी हैं और महम हलके के गांव समैण में डेरे के महंत भी हैं।
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी की ओर से बाकी बची सीटों पर भी अगले तीन दिनों में पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अकाली दल के हिस्से आई दो सीटों पर अकाली दल की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी और दोनों पार्टियां पिछली बार की तरह इस बार भी मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि चौधरी ओमप्रकाश चौटाला, डॉ. अजय सिंह चौटाला व शेर सिंह बडशामी को जल्दी ही न्याय मिलेगा और वे जल्दी ही लोगों के बीच होंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो को न्याय पालिका पर पूरा भरोसा है और फैसले की सुनवाई पूरी हो चुकी है इसलिए उम्मीद की जाती है कि किसी वक्त भी इनेलो नेताओं को इंसाफ मिल सकता है।