चंडीगढ़: (17 जून) मिड डे मील के कार्य को किसी भी कीमत पर ठेके पर या इस्कान फांऊडेशन को नहीं दिया जाएगा। वर्कर्स के रोजगार पर कोई आंच नहीं आएगी। उक्त बात हरियाणा के शिक्षा मंत्री प्रो. राम विलास शर्मा ने मिड डे मील वर्कर्स यूनियन हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल के साथ बात चीत में कही। इस बातचीत में शिक्षामंत्री के अलावा मुख्यमंत्री हरियाणा के ओ एस डी श्री जवाहर सिंह व अमरेन्द्र सिंह शामिल थे। बातचीत में मिड डे मील वर्कर्स यूनियन हरियाणा की ओर से राज्य प्रधान सरोज देवी, उप प्रधान लाल देवी शिमला, महासचिव शर्बती देवी, सचिव गगनदीप रोशनी, कोषाध्यक्ष जय भगवान व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा शामिल थे।
ज्ञात्यव रहे पिछले कई महीने से वर्कर्स आंदोलनरत थी। जिसकी मुख्य वजह थी कि राज्य सरकार मिड डे मील के काम को इस्कान फांऊडेशन को ठेके पर देने के प्रयास कर रही है। इसके खिलाफ वर्कर्स में जबरदस्त आक्रोश था। जिसे लेकर 10 जून को राज्य भर को हजारों वर्करों ने करनाल में विशाल आक्रोश रैली की थी। उसी दिन शिक्षामंत्री के साथ यूनियन पदाधिकारियों की बैठक तय हुई थी।
पै्रस को जारी विज्ञप्ति में यूनियन की राज्य प्रधान सरोज देवी, महासचिव शर्बती व कोषाध्यक्ष जय भगवान ने कहा कि शिक्षा मंत्री द्वारा यह कहा गया कि मिड डे मील का काम ठेके पर या इस्कान फाऊंडेशन को नहीं दिया जाएगा। यह सभी वर्कर्स के आंदोलन का नजीजा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस बारे विभाग की ओर से हिदायत जारी करवाए। उन्होंने कहा कि वर्कर्स के न्यूनतम वेतन, पक्का करने, सामाजिक सुरक्षा का मसला अभी भी खड़ा है। इसलिए यूनियन द्वारा 12 जुलाई को प्रदेश के तमाम विधायकों के घरों पर दस्तक देकर ज्ञापन देने का कार्यक्रम होगा। आंदोलन के विस्तार के लिए 28 जून को रोहतक में राज्य कार्यकारिणी की बैठक होगी।