चंडीगढ़, 8 अक्तूबर: कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त देश की जनता को अच्छे दिन लाने का वायदा कर केंद्र की सत्ता में पहुंची भाजपा आम आदमी के लिए तो अभी तक अच्छे दिन लाने में सफल नही हो सकी लेकिन हरियाणा में भ्रष्टाचारियों व भगौड़े नेताओं की शरण स्थली बनकर भाजपा ने इन भ्रष्टचारी व भगौड़ों के लिए अच्छे दिन जरूर ला दिये है। लेकिन प्रदेश की जनता जानती है कि मात्र चौला बदल लेने से कोई भ्रष्ट आदमी साधू नहीं बन जाते है। इसीलिए प्रदेश की जनता ने प्रदेश को लूटने वाले इन सबको सबक सिखाने व इनेलो को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाने का मन बना लिया है। यह बात इनेलो प्रमुख औमप्रकाश चौटाला ने आज कैथल, सफीदों, बरवाला, फतेहाबाद व सिरसा आदि विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित रैलियों को संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग दस साल के शासनकाल में भय, भ्रष्टाचार व घोटालों के चलते प्रदेश की जनता त्राहि-त्राहि कर उठी है,जहां प्रदेश के आम आदमी को बिजली, पानी, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी मूलभुत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है वहीं किसानों को कृषि के लिए उचित मात्रा में बिजली, पानी व खाद बीज उपलब्ध न करवाने के चलते प्रदेश में कृषि घाटे का सौदा बन गई है। जिसके चलते प्रदेश का किसान कर्ज के बोझ के नीचे दब कर आत्महत्या करने को मजबूर हो गया है। लेकिन सत्ता के नशे में चूर कांग्रेस सरकार ने कभी इनकी सुध नही ली। उन्होंनें कहा कि जो सरकार अपने नागरिकों को मूलभुत सुविधाये उपलब्ध नही करवा पाती व उनकी जानमाल की रक्षा नही करती ऐसी सरकारों को जड़ से उखाड़ फेंकनें के लिए ही लोकतंत्र ने हमें वोट रूपी हथियार दिया है। उन्होंनें मतदाताओं से अपील कि वे प्रदेश की इस लूटेरी व घोटाले बाज कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंके।
इधर, कैथल में विशाल रैली को संबोधित करते हुए इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि हरियाणा में इनेलो की सरकार बनने पर अलग से व्यापारी कल्याण संघ का गठन किया जाएगा। जिसमें व्यापारियों के प्रतिनिधि सदस्य होंगे। उनकी सलाह लेकर व्यापारियों की समस्याओं का एक कलम से समाधान कर दिया जाएगा। कैथल के हुडा मैदान में आयोजित रैली में उमड़ी लोगों की विशाल भीड़ को देखकर गदगद हुए चौटाला ने लोगों को इनेलो सरकार बनने की एडवांस में बधाई देते हुए कहा कि जब धरती पर जुल्म और ज्यादती बढ़ जाती है तो जनता एकजुट होकर संघर्ष करती है। कैथल में मेरे पुराने साथी रोशन लाल तिवारी, सुरेंद्र मदान एवं अशोक जैन सहित पारस मित्तल जैसे नेता आज हमारे साथ इसीलिए हैं कि वे जनता के हितों के लिए संघर्ष करना चाहते हैं। लोकतंत्र में चुनाव ही ऐसा माध्यम है, जब जनता अपनी पसंद की सरकार बना सकती है। उन्होंने कहा कि सौ दिन में जनता का भला करने वाली भाजपा 130 दिन बीत जाने के बाद भी अपना एक भी वायदा पूरा नहीं कर पाई और लोगों के अच्छे दिन आने की बजाय और भी ज्यादा खराब दिन आ गए हैं। उन्होंने फतेहाबाद में कहा कि भले ही केंद्र की भाजपा सरकार अपना अस्तित्व खत्म होता देख उन्हें जेल भिजवाने में सफल हो जाए, लेकिन जनता के लिए हर मुद्दे पर अग्रणी रहकर संघर्ष करने वाली इनेलो मजबूती के साथ मैदान में बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मै चाहे रहूं या न रहू, इनेलो के हर प्रत्याशी को रिकार्ड मतों से जितवाकर प्रदेश में लोकराज कायम करना और इनेलो के झण्डे को बुलंद रखने और पार्टी के अस्तित्व को कायम रखने की जिम्मेवारी, पार्टी के कर्मठ कार्यकत्र्ताओं पर छोड़ कर जा रहा हूं, अब कार्यकत्र्ता ही 15 अक्तूबर तक सीमा पर खड़े जवान की भांति लोकराज कायम करने की इस लड़ाई को विजयश्री तक पहुंचाने का मोर्चा संभालें ताकि चुनावों के बाद प्रदेश के हर क्षेत्र को उसका हक, उसकी चौधर बिना किसी भेदभाव के मिल सके।
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि मुझे गर्व है अपने उस कर्मठ कार्यकर्ता पर, जो मेरे साथ हर घड़ी में खड़ा रहा। उन्होंने कहा कि संकट में इनेलो में रहने वाला कार्यकर्ता मुझे जान से भी प्यारा है। चौधरी देवी लाल ने पीएम की कुर्सी पर खुद की बजाए वीपी सिंह को बैठाकर त्याग की मिसाल कायम की थी। उन्होंने भी सीएम रहते हुए वोट देने या न देने को लेकर किसी के साथ ज्यादती नहीं की। चौटाला ने यह भी कहा कि हमारे पास चौधरी देवी लाल का चेहरा है। हमारे चेहरे में अभी चमक बाकी है। इसीलिए हमें किसी दूसरे चेहरे की आवश्यकता नहीं है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने छोटे-मोटे मतभेद भुलाकर इनेलो प्रत्याशियों को जितवाने का काम करें। इन जनसभाओं को पार्टी प्रत्याशियों के अलावा इनेलो के अन्य नेताओं ने भी सम्बोधित करते हुए इनेलो को विजयी बनाने का आह्वान किया।