चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमन्त्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि हिन्दी उत्तर भारत के राज्यों की राजभाषा तो है ही, परंतु इसे प्रोत्साहित करने के लिए सरकारी विभागों को हिन्दी भाषा में अधिक से अधिक पत्राचार करना चाहिए ताकि सामान्य व्यक्ति को आसानी से जानकारी उपलब्ध हो सके।
मुख्यमन्त्री ने कहा कि जहां तक न्यायालय व अन्य गैर-हिन्दी भाषी राज्यों के साथ सरकारी विभागों का पत्राचार होता है, वहां पर हिन्दी के साथ-साथ अंग्रेजी में भी पत्राचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जहां तक हरियाणा में सरकारी विभागों के हिन्दी में पत्राचार की बात है, इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव कार्यालय के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा समय-समय पर परिपत्र प्रशासनिक सचिवों को जारी किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा कल ही एक ऐसा परिपत्र जारी किया गया है। इतना ही नहीं, इससे पूर्व भी वर्ष 1993, 1999, 2006 तथा 2016 में भी मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा ऐसे परिपत्र जारी किए गए हैं।