चंडीगढ़ 13 सितम्बर 2018 : भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार 16 सितम्बर को प्रदेश कार्यालय कमलम् सेक्टर 33 चंडीगढ़ में प्रातः 9.30 बजे से होगी जिसमे राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री राम लाल जी मुख्य रूप से भाग लेंगे | उक्त आशय का फैसला आज प्रदेश के पदाधिकारियो की बैठक में किया गया जिसकी अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने की |
उक्त जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश महामंत्री चंदर शेखर ने बताया कि बैठक में ये भी फैसला किया गया कि 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में बूथ स्तर तक स्वच्छ भारत अभियान चलाया जायेगा | 17 सितम्बर, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से 25 सितम्बर पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जन्मदिवस तक देश भर में कार्यन्जली अभियान चलाया जायेगा जिसमे आम जनता के लिए परोपकार के कार्यक्रम किये जायेंगे | 16 सितम्बर को माननीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के देवलोक गमन का एक माह पूरा हो रहा है इस दिवस पर एक अटल जी की स्मृति में काव्यांजलि कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमे अटल जी की कवितायों पर गोष्ठी होगी और काव्य पाठ होगा |
25 सितम्बर को आयुष्मान भारत की शुरुआत की जाएगी जिसके अंतर्गत भारत सरकार की स्वास्थय बीमा योजना का लाभ सीधा गरीब परिवारों को मिलेगा | 29 सितम्बर को सर्जिकल स्ट्राइक के दो वर्ष पूरे होने पर शोर्य दिवस का आयोजन किया जायेगा | 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती के दिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी “ स्टेचू ऑफ़ यूनिटी” को राष्ट्र को समर्पित करेंगे तथा ये कार्यक्रम पूरे देश में मनाया जायेगा | इसी श्रृंखला में चंडीगढ़ में भी इस दिन युवा मोर्चा द्वारा “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन करेगा जिसमे पार्टी के सभी कार्यकर्ता इसमें भाग लेंगे |
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय टंडन ने सभी पदाधिकारियों को संगठनात्मक व्यवस्था के बारे में भी समझाया और कहा कि चुनाव नजदीक हैं इस लिए हर कार्यकर्ता को भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा किये गए कार्यों की जानकारी घर घर तक पहुंचानी है इसके लिए सभी कार्यकर्तायों को प्रतिदिन कम से कम एक परिवार से मिलना चाहिए और पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार द्वारा कराये जा रहे कार्यों की जानकारी जन जन तक पहुंचानी चाहिए | विशेष रूप से बूथ स्तर पर रहने वाले प्रत्येक विशिष्ट वोटरों से भी सम्पर्क करके उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने की कोशिश करनी चाहिए जिस पर सभी पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वो आगामी चुनावों के मद्देनज़र पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए भरपूर कोशिश करेंगे | प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में दिए गए नारे “अजय भारत अटल भारत” के बारे में भी अवगत कराया तथा कांग्रेस के बारे में कहा कि “कांग्रेस शासन में भी विफल और विपक्ष में भी विफल हुई है” | उन्होंने कहा कि मात्र भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है जो सुशासन के साथ साथ लोगों की सामजिक परेशानियों को भी समझती है और उन्हें दूर कर रही है |