चंडीगढ़ 03 मार्च, 2015: वार्ड नं. 10 के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी चंडीगड़ और शिरोमणी अकाली दल के उम्मीदवार हरदीप सिंह की ऐतिहासिक जीत समूची भाजपा और अकाली दल के कार्यकर्ताओं और वहां के स्थानीय लोगों की जीत है। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी चंडीगड़ के प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन का। इस जीत के लिए पार्टी की प्रभारी आरती मेहरा, महासचिव प्रेम कौशिक और चन्द्रशेखर ने सभी लोगों को हार्दिक बधाई प्रदान की है। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन व पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने हरदीप सिंह को लडडू खिलाकर मुंह मीठा कराया और हार पहनाकर जीत की बधाई दी। प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन ने जीत की बधाई देते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता ने इस चुनाव में दिन रात एक किया हुआ था जिसका परिणाम आज सबके सामने है। भारी मतों से जीत से यह साबित होता है कि लोग विकास के मतलब को जानते हैं और वर्तमान में केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास में माडल में विश्वास रखते हैं और निकट भविष्य में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
जिला नं. 2 के अध्यक्ष व उपचुनाव के कोऑर्डिनेटर रवि कांत शर्मा ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की जीत है इस ऐतिहासिक जीत को हासिल करने में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन जी, सांसद किरण खेर जी, पूर्व सांसद सतपाल जैन जी एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री हरमोहन धवन का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपना पूरा सहयोग दिया और जीत के लिए अथक प्रयास किए। इस चुनाव से यह स्पष्ट हो गया है कि चंडीगढ़ की जनता ने कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से नकार दिया है तथा यह विजय भारतीय जनता पार्टी व शिरोमणी अकाली दल की नीतियों एवं कार्यशैली की विजय है।
यह जानकारी पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ के संयोजक रविन्द्र पठानिया ने प्रदान की। उन्होंने बताया कि जैसे ही चुनाव परिणाम आए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं में जीत की लहर उमड़ी और सभी तुरंत बुटरेला गांव में एकत्र हुए और विजयी हरदीप के साथ स्थानीय लोगों को धन्यवाद करने के लिए धन्यवाद पद यात्रा में शामिल हुए। इस पदयात्रा में प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन, अकाली दल के प्रदेशाध्यक्ष जगजीत सिंह कंग, महासचिव प्रेम कौशिक व चन्द्रशेखर, पार्षद अरूण सूद व राजिन्द्र कौर रत्तु, जिला अध्यक्ष रविकांत शर्मा, मीडिया प्रकोष्ठ के संयोजक रविन्द्र पठानिया, जिला महासचिव विनोद सिसोदिया, रेखा सूद इत्यादि शामिल हुए और घर-घर जाकर लोगों का धन्यवाद किया। यात्रा के पूर्व बुटरेला गांव के गुरुद्वारे और बड़हेड़ी के गुरुद्वारे में माथा टेक कर अर्शीवाद हासिल किया। यात्रा के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी भूपेन्द्र सिंह बड़हेड़ी ने नवनिर्वाचित पार्षद हरदीप सिंह को गले लगाकर बधाई प्रदान की। इस मौके पर उपस्थित जनसैलाब ने स्व. मलकीत सिंह को भी याद किया और उनके अमर रहने के नारे लगाए। यह यात्रा गांव बुटरेला से शुरू होकर सैक्टर 41, एजी कालोनी, अटावा सैक्टर 42 से होते हुए बुटरेला में समाप्त हुई।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित पार्षद हरदीप सिंह ने सभी लोगों का धन्यवाद प्रकट किया और कहा कि उनके भाई पूर्व पार्षद स्व. मलकीत सिंह द्वारा रहे अधूरे कार्यों को वह सर्वप्रथम पूरा करवायेंगे और वार्ड के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।