राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारक राकेश सिन्हा सहित चार हस्तियां राज्यसभा के लिए मनोनीत की गई हैं। इनमें राकेश सिन्हा सहित सोनल मान सिंह, रघुनाथ महापात्रा और राम शकल के नाम शामिल हैं। सोनल मान सिंह देश की विख्यात डांसर हैं। वहीं रघुनाथ महापात्रा विख्यात मूर्तिकार हैं जबकि राम शकल पूर्व सांसद और दलित नेता के तौर पर जाने जाते हैं। इन सभी नामों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने मंजूरी दी है। खास बात यह है कि इस बार फिल्म या खेल जगत से किसी भी हस्ती को राज्यसभा नहीं भेजा गया है।
राकेश सिन्हा संघ विचारक के रूप में जाने जाते हैं। वह नई दिल्ली स्थित थिंक-टैंक भारत नीति प्रतिष्ठान के मानद निदेशक हैं। राकेश सिन्हा संघ मीडिया तथा सोशल मीडिया मंचों पर प्रखरता के साथ भाजपा और संघ का पक्ष रखने के लिए जाने जाते हैं। राकेश सिन्हा ने संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जीवनी लिखी है जिसे भारत सरकार के प्रकाशन विभाग ने प्रकाशित किया।