नई दिल्ली, 30 जुलाई। दिल्ली भाजपा के पार्षदों एवं अन्य नेताओं ने आज दिल्ली में अनेक स्थानों पर बारिश के जल के भराव के बिन्दुओं का सर्वेक्षण किया और अधिकारियों से कहा कि इनका अविलंब हल किया जाये।
उत्तर पश्चिम जिला भाजपा अध्यक्ष श्री जयेन्द्र डबास ने एसडीएम कंझावला को स्थानीय नागरिकों के साथ एक ज्ञापन देकर कंझावला में जल भराव की समस्या के हल की मांग की।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सरदार आर.पी. सिंह ने पूसा रोड पर रोजाना होने वाले जलभराव के स्थल पर जाकर स्थानीय जलबोर्ड अधिकारियों को बुलाया। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल को चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में स्थिति नहीं सुधरी तो भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे।
जनकपुरी पूर्वी मेट्रो स्टेशन से जनकपुरी पश्चिम मेट्रो स्टेशन के बीच होने वाले जल भराव को लेकर स्थानीय पार्षद श्री आशीष सूद ने पीडब्ल्यूडी और जलबोर्ड अधिकारियों से संपर्क किया।
पूर्वी दिल्ली के पूर्व महापौर श्री हर्ष मल्होत्रा ने मानसरोवर पार्क तो सदन के नेता श्री संजय जैन ने उस्मानपुर में होने वाले जलभराव को लेकर जलबोर्ड अधिकारियों को चेताया।
लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन से मूलचंद तक होने वाले जल भराव को लेकर दक्षिणी दिल्ली निगम की पूर्व महापौर श्रीमती सविता गुप्ता ने स्थानीय जलबोर्ड अधिकारियों से संपर्क कर मांग की कि इसका स्थाई हल निकाला जाये। इस स्थान पर होने वाले जल भराव के कारण रिंग रोड एवं लाला लाजपत राय पर भारी जाम लगते हैं।