रायपुर, 26 अगस्त 2015/ राज्य की प्रथम महिला श्रीमती बृजपाल टंडन आज नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा आयोजित सावन मेला में शामिल हुई। दुर्ग के स्वामी विवेकानन्द सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती टण्डन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं जागरुक हैं। हमारा प्रदेश और देश पर्वों का देश हैं और हम अपने बच्चों को अच्छा संस्कार और आचरण पर्वों और त्यौहार के माध्यम से दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि धन सभी अर्जित करते हैं लेकिन संस्कार और आचरण बहुत कम लोग कमा पाते हैं। पर्वों और त्यौहार के माध्यम से हम अपनी पीढ़ी और बच्चों को एक अच्छा संस्कार सिखाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाएं ही हैं जो समाज का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि सरकार कल्याणकारी योजनाएं बनाती है, परन्तु उसे जन-जन तक जनता और सामाजिक संस्थाएॅ पहुॅचाती है। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि दुर्ग के इस सावन मेला के माध्यम से जागरुक महिलाएं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज मेें दे रही हैं, इसका लाभ जनता को जरूर मिलेगा।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती चंद्रिका चंद्राकर अपने उद्बोधन में कहा सावन मेला कार्यक्रम दुर्ग की परंपरा है। उन्होंने निगम के कर्तव्य व दायित्वों को बताते हुये कहा कि सामाजिक समरसता के अंतर्गत निगम की ओर से सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। इसके साथ ही राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुॅचाने यहां महिला स्व-सहायता समूहों को भी आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर महिला एंव बाल विकास प्रभारी, नगरपालिक निगम श्रीमती गायत्री साहू, संस्कृति प्रभारी श्री सोहन लाल जैन, जिलाधीश श्रीमती आर. संगीता, एस.पी. श्री मयंक श्रीवास्तव, नगर पालिक निगम दुर्ग के आयुक्त श्री एस.के. सुन्दरानी, महापौर परिषद के अन्य सदस्यगण, पार्षदगण और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। इस मौके पर महिलाओं ने उत्साह के साथ मेले का आनंद उठाया।