जम्मू-कश्मीर में अशांति का माहौल पैदा करने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि कांग्रेस ने पहले तो अलगाववादियों को उत्साहित करने का काम किया है
कांग्रेस ऐसी ताकतों को सहानुभूति देने का काम कर रही है। डीडी न्यूज़ से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस पर विरोधाभासी बयान देकर राज्य के लोगों के मन में भ्रम की स्थिति पैदा करने का भी आरोप लगाया। नायडू ने देश की आतंरिक सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी को बयान देने में संयम और परिपक्वता बरतने की सलाह दी।
साथ ही नायडू ने कहा कि बलूचिस्तान पर दिए प्रधानमंत्री मोदी के बयान की विश्वभर में प्रशंसा हो रही है। अफ़गानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने बलूचिस्तान पर दिये प्रधानमंत्री मोदी के बयान की सराहना की है। उन्होनें कहा कि यह एक सच्चाई है और इसे स्वीकारे बिना समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा कि कश्मीर में बच्चों के हाथ में पत्थरों के बजाए कलम और कंप्यूटर होना चाहिए। इन बच्चों के हाथों में हथियार और पत्थर देख कर दुख होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग अपने निहित स्वार्थों की पूर्ती के लिए बच्चों को पत्थर उठाने के लिए उकसा रहे हैं।