प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कर्नाटक के भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से नरेंद्र मोदी ऐप के जरिए सीधे बातचीत की। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि हमने अपनी सरकार में महिला मंत्रियों को बड़े मंत्रालयों के विभाग दिए हुए हैं।
कर्नाटक में विधानसभा सभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज़ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो ब्रिज के माध्यम से नरेंद्र मोदी एप के जरिये कर्नाटक की भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधे तौर पर बातचीत की।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि हम महिला विकास से आगे महिला के नेतृत्व में विकास के बारे में बात करते हैं हमने अपनी सरकार में महिला मंत्रियों को बड़े मंत्रालयों के विभाग दिए हुए हैं। पीएम ने नरेंद्र मोदी एप के माध्यम से हाल ही में राज्य के भाजपा सांसदों और नेताओं से संवाद किया था और चुनाव को लेकर कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे।
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए अब कुछ ही वक्त बाकी है। राज्य में चुनार प्रचार चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भी राज्य में कलबुर्गी, बेल्लारी और बेंगलुरू में सार्वजनिक सभाऐं की। कलबुर्गी में एक रैली में उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि येदियुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसानों के अधिकार सुनिश्चित करने के रास्ते में आने वाली सभी मुश्किलें दूर करेगी।
बेंगलुरू में उन्होंने शहर के बिगड़ते पर्यावरण,अतिक्रमण और सिलकॉन वैली की खोती जा रही पहचान पर चिंता जताई। उन्होने महिला सुरक्षा को लेकर विफल रहने पर राज्य सरकार को जमकर घेरा। कर्नाटक में चुनाव प्रचार के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गुरुवार को सियासी समर में उतरे । उन्होंने गुरुवार सिरसी और शिवमोगा में चुनावी सभा को संबोधित किया। योगी ने राज्य की सिद्धारमैया सरकार पर जोरदार हमला बोला और कहा कि वो किसानों को एटीएम की तरह इस्तेमाल कर रही है।
वहीं कांग्रेस की ओर से प्रचार की कमान पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने संभाल रखी है। राहुल गांधी आज राज्य में कई जगहों पर चुनावी सभाएं करेंगे। वहीं भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी औऱ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई रैलियों को संबोधित करेंगे। भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए आज अपना घोषणापत्र भी जारी करेगी.