15 अगस्त 2018 : गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने देश व दुनिया में रह रहे समस्त भारतीयों को 72वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने ज्ञात-अज्ञात सभी शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। साथ ही उन्होंने हरियाणा को वीर शहीदों की धरती बताया। प्रो. टंकेश्वर कुमार विश्वविद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह को बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रहे थे। कुलपति ने विश्वविद्यालय के खेल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि हरियाणा प्रदेश बढ़ते भारत के साथ अपनी कदम ताल मिला कर वास्तव में नम्बर-1 प्रदेश के रूप में उभर रहा है। सरकारी नौकरियों में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से प्रदेशवासियों का व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है। ‘ईज ऑफ डूईंग बिजनेस’ में हम पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसी प्रदेश की धरती से ‘बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ’ का नारा दिया था। हमारे प्रदेश की बेटी मानुसी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता को जीतकर हमारा गौरव बढ़ाया है। शिक्षक कर्मचारियों को सातवें वेतन का लाभ देने में भी हरियाणा ने पहल दिखाई है। यह और भी खुशी की बात है कि आज के ही दिन हमारे हिसार शहर से चंडीगढ़ के लिए हवाई यात्रा शुरू हो रही है। हरियाणा प्रदेश में देश की मात्र दो प्रतिशत जनसंख्या निवास करती है। इसके बावजूद हरियाणा के खिलाड़ियों ने कॉमन वैल्थ गेम्स में कुल पदकों के 33 प्रतिशत पदक प्राप्त किए हंै।
प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार गुरू जम्भेश्वर जी महाराज के नाम पर स्थापित एक ऐसा विश्वविद्यालय है जिसने अपने छोटे से कार्यकाल में ही प्रगति के उच्च शिखरों को छुआ है। लगातार तीन बार ‘ए’ ग्रेड प्राप्त यह विश्वविद्यालय केटेगरी-2 यूजीसी की ऑटोनोमी प्राप्त किए हुए है। पिछले कुछ समय में इस विश्वविद्यालय में क्रांतिकारी निर्णय लिए गए हैं। विद्यार्थियों को अपने परिणामों जैसी समस्याएं रखने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है, जिसके लिए एमओयू कर लिया गया है।
प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमैंट सैल तथा आईआईपीपी सैल की विशेष भूमिका रही है। राष्ट्रीय तथा अन्तरराष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं के साथ एमओयू किए हैं। ‘स्टार्ट-अप’ जैसे अभियानों से प्रेरणा लेकर हमने रिसर्च व इनोवेशन के लिए नए आइडिया विकसित करने के लिए एक विशेष व्यवस्था स्थापित की है। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत 50 करोड़ रूपये का अनुदान हमारे विश्वविद्यालय के लिए निश्चित तौर पर बहुत बड़ी उपलब्धि है। ड्यूअल डिग्री बीएससी-एमएससी तथा एमएससी इकोनोमिक्स जैसे शुरू किए गए नए कोर्सों में उत्साहवर्धन के बाद हमने बीएससी इकोनोमिक्स, बीटैक सिविल इंजीनियरिंग तथा बीटैक इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कोर्स शुरू किए हैं। हमने योगा को भी साईंस एवं ट्रीटमैंट के साथ जोड़ने की कोशिश की है। यह बेहद खुशी की बात है कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय होने के बावजूद हमारे विश्वविद्यालय को हिन्दी व अंग्रेजी विषयों को पढ़ाने के लिए मंजूरी मिल चुकी है। हमें लगभग 50 टीचिंग तथा नॉन-टीचिंग पदों की मंजूरी मिली है। शिक्षक तथा गैरशिक्षक कर्मचारियों की नई भर्तीया की जाती रही हैं।
खेल प्रतियोगिता आयोजित
विश्वविद्यालय के खेल विभाग के निदेशक डा. एस.बी. लुथरा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक व गैर शिक्षक कर्मचारियों के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में पांच वर्ष से कम उम्र की लड़कियों की दौड़ में वनी पहले स्थान पर, रचिका दूसरे व रूफ तीसरे स्थान पर रही। पांच से सात वर्ष की लड़कियों की दौड़ में नव्या ने पहला, आरशिया ने दूसरा व काशिनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सात से दस वर्ष की लड़कियों की दौड़ में निशिका, अवनी व जेसमिन पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रही तथा 10 से 13 वर्ष की लड़कियों की दौड़ में मुस्कान ने पहला, अंजू ने दूसरा व अक्षिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 13 से 15 वर्ष की लड़कियों की दौड़ में हिमांशी ने पहला, रशिका ने दूसरा तथा अंजली ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पांच वर्ष से कम उम्र के लड़कों की दौड़ में अनुराग पहले, पियूश दूसरे तथा मानन तीसरे स्थान पर रहे। पांच से सात वर्ष के लड़कों की दौड़ में भूवन सिवाच ने पहला, अर्श ने दूसरा व अक्षत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सात से दस वर्ष के लड़कों की दौड़ में लोकेश, प्रथम व मनीष पहले दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे तथा 10 से 13 वर्ष के लड़कों की दौड़ में राहुल, हितेश व तनमया ने पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 13 से 15 वर्ष के लड़कों की दौड़ में राहुल बूरा, कृश व रोहित ने पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया।