10 जुलाई 2018 : गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के धार्मिक अध्ययन संस्थान में नए शैक्षणिक सत्र की शुरूआत पर विश्वविद्यालय परिवार की सुख शांति, सद्भावना व लोकमंगल कल्याण की कामना के लिए हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष प्रार्थना की गई। हवन यज्ञ में मुख्य यजमान की भूमिका विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार व उनकी धर्मपत्नी प्रो. सुनीता श्रीवास्तव ने निभाई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. अनिल कुमार पुंडीर व धार्मिक अध्ययन संस्थान के अध्यक्ष डा. किशनाराम बिश्नोई उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने विश्वविद्यालय परिवार के लिए सुख, शांति व स्मृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि नया सत्र विश्वविद्यालय के लिए और नई ऊंचाईयां लेकर आए। विश्वविद्यालय शिक्षण, शोध व अन्य क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित करे।
हवन यज्ञ का आयोजन विश्वविद्यालय के धार्मिक अध्ययन संस्थान के सौजन्य से किया गया। हवन यज्ञ का संचालन नेकी राम व सुनील कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रसाद वितरण भी किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी, अधिकारी व विद्यार्थी उपस्थित रहे।