गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार की स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर रविवार को विश्वविद्यालय के गुरु जम्भेश्वर जी महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान में हवन यज्ञ किया गया। यज्ञ के मुख्य यजमान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार थे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी प्रो. सुनीता श्रीवास्तव भी उपस्थित रही। इस वर्ष विश्वविद्यालय की स्थापना का रजत जयंती वर्ष है।
कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर इस वर्ष कार्यक्रमों की एक श्रृखंला का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संबंधित कमेटियों का गठन कर दिया गया है। हवन यज्ञ से कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। कुलपति ने विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर समूचे विश्वविद्यालय परिवार व सेवानिवृत कर्मचारियों को बधाई दी। कहा कि विश्वविद्यालय के शानदार सफर का यहां तक पहुंचना बताता है कि यहां के शिक्षकों व कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने बहुत अधिक मेहनत व लगन से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विश्वविद्यालय की अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बन चुकी है। यज्ञ आयोजन की देखरेख गुरु जम्भेश्वर जी महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान के अधिष्ठाता व चेयरमैन प्रो. किशना राम ने की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी व विद्यार्थी उपस्थित रहे।