गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार के संचार प्रबंधन एवं तकनीकी विभाग की प्रोफैसर डा. बंदना पाण्डेय को फैकल्टी ऑफ मीडिया स्टडीज का डीन नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रो. बंदना पाण्डेय विश्वविद्यालय परिसर में स्थित मानव संसाधन विकास केन्द्र की निदेशक भी हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिए हैं। प्रो. बंदना पाण्डेय को अपने तीन दशकों से भी अधिक के मीडिया शिक्षण काल में अनेकों पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। एबीपी न्यूज चैनल द्वारा इन्हें बैस्ट प्रोफैसर का अवार्ड दिया गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार और बैस्ट सिटीजन ऑफ इंडिया के अवार्ड भी प्रदान किए गए हैं। इसके इलावा इन्हें अनेकों साहित्य पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है। प्रो. बंदना पाण्डेय के मार्गदर्शन में 10 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जा चुकी है तथा आठ अन्य शोधार्थियों का शोधकार्य चल रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में लगभग 60 शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। जनसम्पर्क एवं विज्ञापन पर दो पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं जिसमें से एक पुस्तक हरियाणा ग्रन्थ अकादमी द्वारा प्रकाशित की गई है। इसके अतिरिक्त यूजीसी व विश्वविद्यालय में कई पदों को सुशोभित किया है।