राम गोपाल : 50 प्रतिशत आबादी सूखे की चपेट में -1पिछले लगातार दो मानसून के कमजोर होने से देश के करीब 33.3 करोड़ लोग पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। करीब 50% लोग सूखे जैसी समस्या का सामना कर रहे हैं। इस साल पश्चिमी और दक्षिण के राज्यों में यह समस्या ज्यादा गंभीर है, क्योंकि वहां पानी कम गिर रहा है। नीति आयोग द्वारा जारी संयुक्त जल प्रबंधन सूचकांक (Composite water management index) के मुताबिक देश के 21 बड़े शहर (चेन्नई, बेंगलुरू, दिल्ली, हैदराबाद) 2020 तक जीरो ग्राउंड वॉटर लेवल पर पहुंच जाएंगे। इसके चलते 10 करोड़ लोग प्रभावित होंगे।
75 % घरों की जमीन में पानी नहीं – 2नीति आयोग की कम्पोजिट वॉटर मैनेजमेंट इंडेक्स के मुताबिक, 75% घरों के पास अपनी जमीन में पीने का पानी और गांव के 84% घरों में पानी के लिए पाइप कनेक्शन नहीं है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, अभी भी भारत को हर साल बारिश से जरूरत से ज्यादा पानी मिलता है। भारत को हर साल 3 हजार बिलियन क्यूबिक मीटर पानी की जरूरत होती है और हमें 4 हजार बिलियन क्यूबिक मीटर पानी मिलता हैं। समस्या यह है कि बारिश के पानी का सिर्फ 8% ही हम इकट्ठा कर पाते हैं। यह दुनिया में सबसे कम है। वॉटर ट्रीटमेंट और उसके दोबारा इस्तेमाल करने के मामले में भी हम पीछे हैं। घरों में पहुंचने वाला 80% वेस्ट के रूप में बाहर हो जाता है। वहीं मरुस्थल में बसे इजराइल जैसे देश ने पानी की समस्या को खत्म कर दिया है।
2030 तक दोगुनी हो जाएगी मांग – 3सीडब्ल्यूएमआई रिपोर्ट के मुताबिक, 2030 तक देश में पानी की मांग अभी हो रही आपूर्ति के
मुकाबले दोगुनी हो जाएगी। इससे लाखों लोग पानी की समस्या से जूझेंगे। मोदी
सरकार ने हाल ही में जल शक्ति मंत्रालय का गठन किया है। इस मंत्रालय को
पानी की समस्या के निदान के लिए ही खासतौर पर बनाया गया है। मंत्रालय ने
2024 तक सभी घरों में पाइप के जरिए वॉटर कनेक्शन देने की योजना बनाई है।
भारत में इसलिए तेजी से खत्म हो रहा पानी – 4दुनिया में भूजल (ग्राउंड वॉटर) का सबसे ज्यादा उपयोग भारत करता है। चीन और अमेरिका से भी इस मामले में हम आगे हैं। 2015 में स्टेंडिंग कमेटी ने पाया था कि भूजल का सबसे ज्यादा उपयोग कृषि और पीने के पानी की आपूर्ति के लिए किया जाता है। भूजल का करीब 89% सिंचाई के लिए उपयोग किया जाता है। 9% घरेलू कामों और कारखानों में केवल 2% उपयोग किया जाता है। शहरी क्षेत्र की 50% और ग्रामीण क्षेत्र की 85% जरूरतें भूजल से ही पूरी होती हैं। ज्यादा इस्तेमाल के चलते ही 2007 से 2017 के बीच भूजल स्तर में 61% की कमी आई। डॉ सिंह कहते हैं- कृषि में इसलिए ज्यादा पानी लगने लगा है क्योंकि अब भारत का किसान बदलते मौसम के मिजाज और जलवायु परिवर्तन का अंदाजा नहीं लगा पाता। किसान को यह भी पता नहीं होता कि कब कितनी बारिश होगी। इसलिए वो जमीन का पानी निकालकर ही सिंचाई करता है। पहले भारत में बुआई बारिश के जल से ही हो जाती थी। बहुत कम ही ऐसी नौबत आती थी कि धरती का जल बुआई के लिए खींचना पड़े, लेकिन अब पूरी खेती धरती का पेट काटकर ही होती है। इंजीनियर बढ़ने के कारण भी ये हालत बने हैं।
कुछ शहरों को मिल रहा जरूरत से ज्यादा – 5 मौजूदा दौर में अभी लाखों लोगों को साफ पानी तक नहीं मिल पा रहा, ऐसे में मंत्रालय की हर घर में कनेक्शन देने की योजना को लागू करना आसान नहीं लगता। भारत में पानी की आपूर्ति भी व्यवस्थित ढंग से नहीं की जाती। बड़े शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई में निगम द्वारा निर्धारित 150 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन (lpcd) से भी ज्यादा पानी दे दिया जाता है वहीं दूसरे कई क्षेत्रों में 40-50 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पानी ही सप्लाई हो पाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट के मुताबिक, एक व्यक्ति को अपने जरूरतों को पूरा करने के लिए हर दिन करीब 25 लीटर पानी की जरूरत होती है। बाकी का पानी सफाई के नाम पर बर्बाद कर दिया जाता है।
ऐसे बच सकता है पानी –
आम लोग बारिश के पानी को संग्रहित कर सकते हैं। बड़े पात्रों में वर्षा जल को भरकर रख सकते हैं। इसी पानी को घरेलू कामों में जब तक हो सके, उपयोग करें। वर्षा जल भूजल से भी ज्यादा अच्छा होता है।
नदी-नालों के पानी में गंदा पानी मिल रहा है। यही पानी जमीन में जा रहा है। इससे पीने का पानी घट रहा है और गंदा पानी बढ़ रहा है। गंदा पानी हम उपयोग में नहीं लेते। इसे समुद्र में बहा दिया जाता है। नदी-नालों में गंदगी को रोकना चाहिए।
खेती और उद्योग में मानव द्वारा उपयोग किए गए जल को परिशोधित करके काम में लेना चाहिए।
लीकेज रोकना होंगे। स्थानीय पानी के स्त्रोतों को पुनर्जीवित करना होगा।
भारत अभी सिर्फ बारिश का 8% पानी ही कैप्चर कर पाता है, जो दुनिया में सबसे कम है, इसे बढ़ाना होगा। जहां भी पानी को रोका जा सकता है, वहां रोकना होगा।
घरों का 80% पानी वेस्ट के तौर पर बह जाता है। ऐसे पानी को दोबारा प्रयोग के लिए तैयार करना होगा।
#Hariawalpunjab