सिरसा, 19 अगस्त। हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष एवं स्थानिय विधायक गोपाल कांडा ने करनाल के सांसद अश्वनी चोपड़ा के उस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है जिसमें उन्होंने जींद में हुई लोकहित रैली में किराए की भीड़ जुटाने की बात कही है। गोपाल कांडा ने कहा कि अश्वनी चोपड़ा ने यह कहकर प्रदेश की जनता का अपमान किया है लेकिन शायद उन्हें नहीं पता हरियाणा के स्वाभीमानी लोग अपनी मेहनत और कर्मठता के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। इनको बिकाऊ कहना औछी मानसिकता का प्रतिक है। गोपाल कांडा ने कहा कि यहां आया राम-गया राम की राजनीति के लिए बदनाम रहे हरियाणा के नेता बिकाऊ हो सकते हैं, पर जनता नहीं। यहां की जनता केवल स्नेह के लिए कुर्बान हो सकती है किंतु पैसों से नहीं खरीदी जा सकती।
गोपाल कांडा ने करनाल के सांसद की हरियाणा की जनता पर की गई ऐसी टिप्पणी पर सख्त ऐतराज जताते हुए कहा कि सत्ता के नशे में चूर अश्वनी चोपड़ा हरियाणा की जनता की तौहीन कर रहे हैं। इसी जनता ने कुछ समय पहले उन्हें केवल और केवल मोदी जी के नाम पर जिताकर संसद में भेजा था। ऐसा मतलब यह नहीं है कि उनको हरियाणा की जनता का अपमान करने का अधिकार मिल गया है। बल्कि सांसद बनने के बाद तो उनकी नैतिक जिम्मेवारियां बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि हलोपा किसी भी सूरत में प्रदेश वासियों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।
गोपाल कांडा ने कहा कि हरियाणा लोकहित पार्टी द्वारा रविवार को जींद में की गई रैली ने पुरानी सभी रैलियों के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। जींद के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हाईटैक रैली का आयोजन किया गया है। इससे पहले कभी भी प्रदेश में इस तरह की रैली नहीं हुई है। कांडा ने कहा कि हलोपा के गठन से लेकर आजतक पूरे प्रदेश में 12 लाख से अधिक लोग पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। गोपाल कांडा ने कहा कि रैली में उमड़ी लाखों की भीड़ ने यह साबित कर दिया है कि हरियाणा लोकहित पार्टी आज पूरे प्रदेश में राजनीतिक विकल्प बनकर उभरी है। रैली में भाग लेने वाले लोग करनाल संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ पूरे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से यहां पहुंचे थे। जो इस बात का संकेत है कि करनाल के सांसद अश्वनी चोपड़ा लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। हलोपा की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाहट में आकर चोपड़ा द्वारा दिए जा रहे बयानों से प्रदेश की जनता की तौहीन हो रही है। गोपाल कांडा ने कहा कि इस रैली में शामिल होने वाले सभी लोग भावनात्मक लगाव के साथ लोग यहां आए थे। गोपाल कांडा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता जर्नाधन भगवान का रूप होती है लेकिन मानसिक संतुलन गवाने वाले अश्वनी चोपड़ा द्वारा प्रदेश वासियों के जनून को किराए का बताया जाना बेहद शर्मनाम है। विदित है कि
इस रैली में शामिल होने के लिए लोग बसों की छतों, ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार होकर आए थे। भाजपा ने प्रत्याशियों के अभाव में अश्वनी चोपड़ा को दिल्ली से उठाकर हरियाणा में भेज दिया। जिन्हें हरियाणा के लोगों की भावनाओं का कोई ज्ञान नहीं है। ऐसे लोगों का हिसाब चुकता करने के लिए प्रदेश की जनता पूरी तरह से अपना मन बना चुकी है। कांडा ने कहा कि लोकहित रैली में शामिल होने के लिए आए लोग पूरा दिन पंडाल में मौजूद रहे। विशाल रैली स्थल पर जगह कम पडऩे के कारण कई नौजवान खंभों पर लटककर रैली में अंतिम समय तक लटकते रहे। कांडा ने कहा कि ऐसे लोगों की भावनाओं की मैं कद्र करता हूं। प्रदेश वासियों द्वारा दिए गए आर्शीवाद का सम्मान करते हुए कांडा ने कहा कि प्रदेश की जनता हरियाणा में हलोपा को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है, जिससे अश्वनी चोपड़ा जैसे अखबारी व बाहरी नेता घबरा रहे हैं। क्योंकि इनका हरियाणा में कोई जनाधार नहीं है।