पंचकूला, 9 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आज कहा कि प्रदेश के लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन देने की 25 दिसंबर 2014 को हरियाणा सरकार की सुशासन दिवस के अवसर पर आरंभ की गई सीएम विंडो के बाद अनेक ई-सेवाएं ऑन लाइन की गई है और आज सार्वजनिक वितरण प्रणाली में ई-पीडीएस पोर्टल की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में फूडनैट अर्थात खेत से खाद्य तक कार्यक्रम की शुरूआत की जाएगी। इससे किसान को फसल बीजने से लेकर खाद्यान भंडारण तक हर जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंचकूला के रैड बिशप से हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के ई-पीडीएस पोर्टल का शुभारंभ करने उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने उचित मूल्य की दुकान से उपभोक्ताओं को दिया जाने वाला राशन के डिवाइस का बटन दबाकर शुभारंभ किया और पांच उपभोक्ताओं को राशन वितरित किया, जिसमें 25 किलो गेहू, दो किलो चीनी व सात लीटर मिट्टी का तेल शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के युग में आज विश्व एक वैश्विक ग्राम के रूप में बन गया है। विश्व के किसी भी कोने से कोई व्यक्ति सूचनाओं को आदान प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की डिजिटल इंडिया की सोच भी इसकी का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कई हजार वर्ष पूर्व कौरवों व पांडवों के महाभारत युद्ध का आंखो देखा वर्णन संजय ने धृतराष्ट्र को सुनाया था, तो आज की डिजिटलाइजेशन भी उसी की अवधारणा है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौ्रद्योगिकी का सरकारी विभागों में अधिक से अधिक उपयोग करने पर बल दिया गया है। अभी हाल ही में दिल्ली में हरियाणा के छह विभागों को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार भी मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी को हम ग्र्राम स्तर पर पहुंचाने के लिए ग्राम सचिवालय स्थापित किए जा रहे है और सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को ई-सेवा के माध्यम से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशनों को लाभपात्रों को उनके बैंक खातों के माध्यम से वितरित करने की दिशा में कार्य किया गया है और अब तक 14 लाख लोगों ने बैंक खाते खुलवाएं है। उन्होंने कहा कि इससे अनियमिताएं पकड़ी गई है और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की सार्वजनिक वितरण प्रणाली में एंड टू एंड कंप्यूटराइजेशन की शुरूआत करने के कार्य की सहराना की। उन्होंने कहा कि ऑन लाइन प्रणाली से कार्य प्रणाली में तत्परता, शीघ्रता व पारदर्शीता के साथ साथ लोगों को सुविधा भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि ऑन लाइन प्रणाली आरंभ होने से कई वर्षों से गड़बड़ी व अनियमिताओं का पता चला है।
खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्णदेव कंबोज ने संबोधन में कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बडिय़ों की हमेशा शिकायत मिलती रहती थी और अब इस प्रणाली से जहां भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा वहीं उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। अब केवल पात्र व्यक्ति को ही राशन मिल सकेगा क्योंकि इस डिवाइस पर बायोमैट्रिक से ही राशन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विभाग की छवि सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के लागू होने से गलत तरीके बनाए गए राशन कार्डो की छटनी हुई है। उपभोक्ता किसी भी प्रकार की शिकायत विभाग के टोल फ्री नंबर व विभाग के दूरभाष नंबर पर कर सकते है।
कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री दीपक कुमार ने इस प्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एंड टू एंड कंप्यूटराइजेशन से आरंभ होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में 20 से 40 प्रतिशत की अनियमिताओं को खत्म किया जा सकता है। उन्होंने हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की सहराना की कि उन्होंने इस सिस्टम को लागू करने में पहल की है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग हरियाणा के अतिरिक्त सचिव एसएस प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 73 प्रतिशत राशन कार्डो को आधार लिंक किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है उसी प्रकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली में भी अग्रणी होगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के महानिदेशक सीआर राणा ने आए हुए सभी अतिथियों व गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर कालका की विधायक लतिका शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष विशाल सेठ, अंबाला रेंज आयुक्त ओपी सिंह, जिला उपायुक्त विवेक आत्रेय, अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा, शिवालिक विकास बोर्ड के सदस्य बीबी सिंघल, श्यामलाल बंसल सहित महिला विंग उपाध्यक्ष बंतो कटारिया के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।