नारनौंद : कैप्टन अभिमन्यु को दिल्ली से हरियाणा की जनता की सेवा करने के लिए ही भेजा गया है और नारनौंद हलके के लोग उनको आर्शीवाद देकर विधानसभा में भेजने के काम करें ताकि वे अपने नेतृत्व से हरियाणा प्रदेश की सेवा कर सकें। उक्त शब्द भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कस्बे की अनाज मंडी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ऐसा मुख्यमंत्री चाहती है जो शिक्षित, युवा, देश भक्त और नरेन्द्र मोदी से सीधी बात कर हरियाणा में विकास कार्यों की झड़ी लगा सके। उन्होंने कहा कि हम तो कैप्टन अभिमन्यु को किसी भी अन्य जगह से चुनाव लडऩे की ऑफर कर रहे थे लेकिन इन्होंने अपना भविष्य नारनौंद क्षेत्र की जनता के कदमों में रख दिया। अब आप लोगों का भी फर्ज बनता है कि आपके कदमों में रखे हुए इनके भविष्य को सिर का ताज बनाएं। उन्होंने कहा कि नारनौंद की जनता ने बदलाव के लिए अंगड़ाई ले ली है और सभी विरोधी प्रत्याशियों की जमानतें जब्त करवाने का मन बना लिया है। उन्होंने कैप्टन अभिमन्यु को अपना परममित्र बताते हुए कहा कि जनता और हमारी पार्टी को इनसे बहुत आशाएं हैं। उन्होंने कहा कि मैंने हरियाणा की जनता का मूड देख लिया है, परिणाम सुनिश्चित है और अभिमन्यु भारी बहुमत से जीत रहे हैं।
उन्होनें कहा कि पिछले दस सालों से देश की जनता प्रधानमंत्री की आवाज सुनने को तरसती थी लेकिन जैसे ही देश के लोगों ने सता में परिवर्तन कर भाजपा को सत्ता में लाकर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है, तब से प्रधानमंत्री की आवाज देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी गूंजती है। तीन महीनें के अंदर देश में काफी परिवर्तन आया है। हर वर्ग के लोगों के हित में काम कर उनको लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा पर पाकिस्तान ही गोली बारी शुरू करता था और वही समाप्त करता था। अब समय बदल गया है। गोली बारी पाकिस्तान शुरू करता है और समाप्त हम करते हैं। भारत किसी भी विदेशी दुसहास की कार्यवाही का जवाब ईंट के बदले पत्थर से देगा। हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। जब पड़ौसी देश अलगाववादियों से वार्ता बंद कर देंगे तभी भारत उनके साथ बातचीत करेगा।
प्रदेश में हुड्डा सरकार नम्बर वन का प्रचार कर रही है जबकि हकीकत में हरियाणा कहीं से भी नम्बर वन नहीं है। आज प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार और उद्योग लगाने में प्रदेश काफी पिछड़ गया है। बिजली, पानी की कमी, बेरोजगारी की समस्या तथा दलित उत्पीडऩ के मामले बढ़े हैं। तिहाड़ जेल से शपथ लेने वालों पर कटाक्ष करते हुए अमित शाह ने कहा कि इन लोगों का कानून तथा संविधान में कोई विश्वास नहीं है। जनता ऐसे लोगों का अहंकार दूर करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुक्त हरियाणा के लिए 15 अक्टूबर के दिन एक मौका आया है। अल्पमत की सरकार किसी के सहारे चलती है और वह कोई काम नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएं ताकि विकास कार्यों की झड़ी लग सके। इतनी बड़ी संख्या में मतदान करना कि बटन तो नारनौंद में दबे और करंट इटली तक लगे।
कैप्टन आगे भी कैप्टन ही बनता है : बीरेन्द्र
भाजपा के वरिष्ठ नेता बीरेन्द्र सिंह डूमरखां ने कहा कि हरियाणा की राजनीति निर्णायक मोड़ ले रही है। उन्होंने कैप्टन अभिमन्यु के बारे में कहा कि ‘जो कैप्टन होता है, वह आगे भी कैप्टन ही बनता है।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल प्रदेश को लूटा ही नहीं बल्कि बंदी बनाकर रखा है।
कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को चलता करें : विजयवर्गीय
भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हरि के वास हरियाणा में कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को चलता करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कैप्टन अभिमन्यु को प्रदेश की सेवा करने के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान उन्नत कृषि प्रधान प्रदेश के रूप में होती थी लेकिन आज वह बात नहीं रही। दुर्भाग्य से हरियाणा अपनी पहचान खो रहा है। अब कांग्रेस के शासन में हरियाणा की पहचान भूमाफिया के रूप में हो रही है। भाजपा की प्रदेश में सरकार बनते ही युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसकलिए हरियाणा के लोगों को अवसर पर मिला है कि वे इस मामले में चूक मत जाना। मोदी देश के ही नहीं विश्व के नेता हैं। उनका सपना पूरा करने के लिए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएं।
हलके के लोगों के दम पर चुनौती स्वीकारी : अभिमन्यु
नारनौंद से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हमारा हलका सरकार की अनदेखी के कारण काफी पिछड़ चुका है और अबकी बार लोग विकास के नाम पर वोट देकर भाजपा को सत्ता सौंपने का काम करेंगे। कुछ नेता जात-पात की राजनीति करके चुनाव में उतरे हैं लेकिन मतदाता जागरूक हो चुके हैं वो बिना भेदभाव के विकास करवाने वाले उम्मीदवार को ही अपना आशीर्वाद देंगे। नारनौंद हलके की आवाज पूरे हरियाणा में गूंजेगी। कुछ लोगों ने मुझे चुनौती दी है कि अगर कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद से विधायक बनता है तो वे राजनीति से सन्यास ले लेंगे। मैंने नारनौंद हलके के लोगों के दम पर वो चुनौती स्वीकार कर ली है। इस अवसर पर भाजपा के चुनाव प्रदेश प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, वरिष्ठ नेता बीरेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र बरवाला, प्रो. छत्रपाल, डा. कमल गुप्ता, सुरेन्द्र पूनियां, कर्ण सिंह रानोलिया, सीमा गैबीपुर, जोगीराम सिहाग, स्वामी राघवानंद, डा. एमएल रंगा, प्रो. मंदीप मलिक, नरेश वर्मा, सुदर्शन खर्ब, महाबीर चेयरमैन, रणबीर लोहान, योगेश सिहाग, मोली नम्बरदार आदि मौजूद थे।
भाजपा प्रत्याशियों को दें समर्थन : छत्रपाल
नारनौंद
हांसी से भाजपा प्रत्याशी प्रो. छत्तरपाल सिंह ने कहा कि नारनौंद हलके से भाजपा ने जुझारू एवं कर्मठ नेता कैप्टन अभिमन्यु को चुनावी रण में उतारा है। नारनौंद हलके की जनता के पास एक सुनहरा मौका है कि वे अपने विवेक से मतदान करके चौधर को अपने हलके में रखें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने महंगाई व भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंचाकर सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशियों को भारी समर्थन करके उन्हें विजयी बनाने का काम करें ताकि प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बन सकें।
इन्होंने थामा भाजपा का दामन
कस्बे की अनाजमंडी में अमित शाह की मौजूदगी में कैप्टन अभिमन्यु के नेतृत्व में सैंकड़ों लोगों ने अलग-अलग पार्टियां छोडक़र भाजपा में अपनी आस्था जताई। भाजपा में शामिल होने वालों में इनेलो के वरिष्ठ नेता कर्मसिंह मोर, अजमेर खांडा के अलावा जोगेन्द्र धारीवाल, कृष्ण मोठ, कोथ कलां के सरपंच अनिल सिंधु, जोगेन्द्र सिंह, नरेन्द्र कुमार, सज्जन श्योराण, रामनिवास, टेकचंद कंबोज, राजेश खर्ब, राजेश बास, जोगेन्द्र धारीवाल सहित अनेक लोगों ने भाजपा में आस्था जताई। कैप्टन अभिमन्यु ने भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं को आश्वासन दिलाया कि उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिलाया जाएगा।