कुरुक्षेत्र, 9 फरवरी 2016: वैदिक सभ्यता और संस्कृति की बात हो या खेल-प्रतियोगिताओं अथवा सामान्य ज्ञान की प्रतियोगिताएं, गुरुकुल कुरुक्षेत्र के छात्र प्रत्येक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर गुरुकुल की ख्याति में वृद्धि कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुकुल के छात्र वरूण आर्य ने अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर गुरुकुलीय परम्परा को आगे बढ़ाया है। यह जानकारी देते हुए गुरुकुल के सह-प्राचार्य शमशेर सिंह ने बताया कि पंचकूला के सतलुज पब्लिक स्कूल में ‘द् राइज ऑफ प्लेनेट्स ऑफ ड्रोन्स’ विषय पर ‘पंचकूला आर्ट एंड लिटरेरी फेस्टिवल-2016’ क्षेत्रीय प्रतियोगिता 6 फरवरी को हुई।
इस प्रतियोगिता में सीबीएसई के पंचकूला क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में गुरुकुल कुरुक्षेत्र के 11वीं कक्षा के छात्र वरूण आर्य ने सभी को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर गुरुकुल के प्रधान कुलवंत सिंह सैनी, सह-प्राचार्य शमशेर सिंह, एनडीए विंग के निदेशक कर्नल एच. एस. चौहान ने छात्र वरूण आर्य, अंग्रेजी के शिक्षक सुबेप्रताप सहित समस्त स्टाफ को बधाई दी। गुरुकुल के संरक्षक एवं हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी ने भी दूरभाष पर छात्र वरूण आर्य एवं गुरुकुल परिवार को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।