जाने-माने संगीतकार-गीतकार रवींद्र जैन का आज निधन हो गया। पिछले दिनों अचानक उनकी तबीयत खराब होने के बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
71 वर्षीय जैन किडनी में समस्या होने से यूरिनरी इंफेक्शन से पीडि़त थे। जैन ने अपने करियर की शुरूआत फिल्म ‘सौदागर’ से की थी, चार साल की छोटे सी उम्र से अपने संगीत यात्री की शुरूआत करनेवाले जैन ने छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक कई उपलब्धियां हासिल की थी।
करियर की शुरुआत में ही वर्ष 1976 में आई फिल्म ‘चितचोर’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था।
वर्ष 1985 में सुपरहिट फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ में संगीत देने के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक और 1991 में फिल्म ‘हिना’ के गीत ‘मैं हूं खुशरंग हिना…’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।
उनकी गीतों की झंकार आज भी लोगों के दिलों में बसती है। रवींद्र जैन एक ऐसी शख्सियत थे जिनमें गीत, संगीत और गायन तीनों कलाओं की भरमार थी।
रविन्द्र जैन ने दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले रामायण धारावाहिक में भी संगीत दिया था।